पटियाला। थाना अनाज मंडी के अधीन आते सरहिंद रोड पर गांव बारन के नजदीक रिलायंस पेट्रोल पंप में सोमवार तड़के लूट हो गई। इनोवा गाड़ी में सवार होकर आए आरोपियों ने पिस्तौल के बल पर डरा-धमकाकर और मारपीट कर सिक्योरिटी गार्ड से रिवाल्वर, पंप के कारिंदों से पांच हजार रुपये की नकदी, दो मोबाइल और कागजात से भरा लोहे का बक्सा नकदी समझकर उठा ले गए। सारी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी थी।
पेट्रोल पंप मालिक रविंदर गुप्ता ने बताया कि रविवार को देर रात करीब सवा दो बजे सात-आठ व्यक्ति इनोवा गाड़ी में पंप पर आए। बदमाश शीशा तोड़कर केबिन में घुसे और पंप के मुलाजिमों पर पिस्तौल तान दी और गन मैन व सेल्समैन को पीटने लगे। कैश मांगने पर सेल्समैन ने पैसा हवा में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी कैश उठाकर फरार हो गए। इस दौरान पंप पर तैनात गनमैन ने अपनी रिवाल्वर से फायर करना चाहा, लेकिन बदमाशों ने धमकाकर रिवाल्वर छीन ली। इस मामले में पुलिस पांच हजार की लूट की बात कह रही है, वहीं पेट्रोल पंप मालिक का दावा है कि 15 से 20 हजार का कैश लूटा गया है। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में गाड़ी का नंबर नहीं दिख पा रहा है।
सीएम सिटी में बढ़ती चोरी व लूट की वारदात से दहशत
सीएम सिटी में पिछले कुछ समय से लगातार चोरी व लूट की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। कुछ दिन पहले ही सरहिंद रोड पर एक होटल के नजदीक बैंक में कैश जमा कराने जा रहे एक प्राइवेट कैश क्लैक्शन एजेंट से मोटरसाइकिल सवार दो लुटेरे साढ़े तीन लाख रुपयों से भरा बैग छीन कर फरार हो गए थे। इस दौरान एक्टिवा से गिरने से एजेंट को चोटें भी लगी थीं। पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई थी कि सोमवार को पेट्रोल पंप पर लूट हो गई। इसके अलावा थाना अर्बन एस्टेट इलाके के अधीन ऋषि कॉलोनी में भी शनिवार को लाखों के सोने के गहनों व कैश की चोरी हो गया था। कुछ दिन पहले एक निजी अस्पताल के बाहर खड़ी ब्रिजा कारों से पांच लाख की नकदी व रिवाल्वर चोरी हो गई थी।