पीआरटीसी के गुस्साए पेंशनरों ने सोमवार को बस स्टैंड का मेन गेट बंद करके जोरदार रोष रैली की। इस मौके पर मैनेजमेंट व सरकार से तीन महीनों से रुकी पेंशन और करोड़ों के पेंशनरी बेनिफिट का जल्द भुगतान करने की मांग की गई।
मांग पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने का अल्टीमेटम दिया गया। साथ ही 17 जून को पेंशन दिवस काले दिवस के तौर पर मनाने का ऐलान किया। इस मौके पर हाल ही में पीआरटीसी बेड़े में डाली 20 नई बसों के हिस्से खुद टूट कर गिरने के मामले की जांच की मांग की गई। आरोप लगाया कि बसों में घटिया सामान लगाया गया है।
पीआरटीसी पेंशनर्स एसोसिएशन के चेयरमैन गुरनाम सिंह दौनकलां और प्रदेश प्रधान भगवंत सिंह, महासचिव हरी सिंह चमक ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश बावजूद सरकार पेंशन रेगुलर नहीं कर रही है। तीन महीनों से पेंशनें रुकी हैं। पेंशनरों के करोड़ों के पेंशनरी बेनिफिट लटके हैं, उनका भी भुगतान किया जाए।
हर महीने 10 तारीख से पहले पेंशन देना यकीनी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पेंशनर अब मैनेजमेंट के झूठे वादों से तंग आ चुके हैं। उनके सब्र का बांध टूट चुका है। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाएंगी, आंदोलन जारी रहेगा। धरने में बाबू जीवन राम, गुरबचन सिंह, मुकंद सिंह, प्रीतम सिंह, जोगिंदर सिंह, बाली सिंह, तरसेम सिंह भी मौजूद रहे।