संगरूर में पीसीएस परीक्षा में अव्वल आई बेटी अनाइत को मिठाई खिलाते पिता योगेश गुप्ता।
- फोटो : अमर उजाला
जिले की दो बेटियों ने पंजाब सिविल सर्विसेज (पीसीएस) की परीक्षा पास करके न केवल अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया, बल्कि जिले का नाम रोशन किया है। पंजाब लोक सेवा कमीशन द्वारा पीसीएस (कंबाइंड) के घोषित परिणाम में पंजाब में अव्वल आई संगरूर की बेटी अनाइत गुप्ता के घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
शहर के खलीफा बाग स्थित अपने निवास पर मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते अनाइत गुप्ता ने कहा कि उसे अपनी परीक्षा की तैयारी पर यकीन था लेकिन यह नहीं पता था कि उसका नतीजा यह होगा। उसने बताया कि वह कल गाड़ी में सफर कर रही थी तो उसके भाई ईशान गुप्ता ने उसे इस कामयाबी के बारे में बताया तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
इस कामयाबी का श्रेय अपने माता पिता को देते हुए उसने कहा कि उनके द्वारा दिए हौसले की वजह से ही वह यह कामयाबी हासिल कर पाई है। अनाइत ने बताया कि उसने इस परीक्षा के लिए जीतोड़ मेहनत की और कभी भी समय को बर्बाद न करके सिर्फ अपनी पढ़ाई पर ध्यान दिया। उसका लक्ष्य है कि वह सरकारी ओहदे पर पूरी ईमानदारी के साथ लोगों की सेवा करे।
अनाइत के पिता योगेश गुप्ता शहर के नामवर वकील हैं और उसकी माता निर्मला गुप्ता एसडी कालेज बरनाला में प्रोफेसर हैं। उन्हें अपनी बेटी की इस कामयाबी पर फख्र है।
इसी तरह धूरी की होनहार बेटी कन्नू गर्ग ने पीसीएस की परीक्षा में तीसरी रैंक हासिल की है। कन्नू के पिता रामसरूप साइकिलों की दुकान चलाते हैं और अपनी बेटी की इस कामयाबी पर उन्हें नाज है। जैसे ही इसकी खबर पहुंची तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
कन्नू ने बातचीत के दौरान बताया कि उसकी बचपन से ही ख्वाहिश थी कि वह किसी बड़े सरकारी ओहदे पर जाकर लोगों की सेवा करे। उसके पिता राम सरूप ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है।