पटियाला। थाना शंभू पुलिस ने भगोड़े अपराधियों बूटा सिंह और नितिन छाबड़ा की एक करोड़ 90 लाख रुपये की संपत्ति अटैच कराई है।
एसएसपी विक्रमजीत दुग्गल ने बताया कि बूटा सिंह निवासी गांव डोलिया थाना बडाली आला सिंह जिला फतेहगढ़ साहिब पटियाला जिले के थाना शंभू में सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में नामजद था। उसे राजपुरा अदालत द्वारा भगोड़ा करार दिया गया था। एसएसपी ने बताया कि भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार करने संबंधी चलाई जा रही मुहिम तहत कार्रवाई करते हुए थाना शंभू पुलिस ने अपराधी बूटा की जायदाद को अटैच कराने को काम किया। पुलिस के मुताबिक भगोड़े बूटा सिंह के नाम पर गांव गडोलिया जिला फतेहगढ़ साहिब में 16 बीघा जमीन है। जिसकी अंदाजन कीमत एक करोड़ 50 लाख रुपये है। बूटा सिंह की जायदाद जब्त कराने संबंधी राजपुरा अदालत से आदेश हासिल किए गए हैं।
इसके अलावा नितिन छाबड़ा निवासी करनाल हरियाणा के खिलाफ थाना शंभू में एनडीपीएस एक्ट तहत केस दर्ज है। उसे भी पटियाला अदालत द्वारा भगोड़ा करार दिया गया है। इस भगोड़े के नाम पर करनाल में 110 वर्ग गज जमीन है। जिसकी अंदाजन कीमत 40 लाख रुपये है। इसके अलावा नितिन छाबड़ा के नाम पर पंजाब नेशनल बैंक में 44 हजार 916 रुपये जमा हैं। इसकी प्रापर्टी व बैंक खाते को अटैच कराने संबंधी पटियाला अदालत से पुलिस ने आदेश हासिल किए थे।