पटियाला में नगर निगम ने शहर को खुले में शौच मुक्त करने को स्थापित किए सिटी ट्वायलेट्स।
- फोटो : PATIALA
पटियाला। केंद्र सरकार ने पटियाला को खुले में शौच मुक्त पर प्रथम श्रेणी का प्रमाणपत्र जारी कर 500 में से 500 अंक दिए हैं। इस उपलब्धि के लिए सांसद परनीत कौर ने निगम और शहरवासियों को मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि प्रमाणपत्र हासिल करने के बाद पटियाला स्वच्छता सर्वेक्षण- 2021 में अपनी रैंकिंग को बीते सालों की तुलना में बेहतर कर पाएगा।
बता दें कि शहर को शौच मुक्त बनाने के लिए निगम ने बीते करीब एक साल में तीन करोड़ रुपये के 43 नए सिटी शौचालय बनाए हैं। इस समय शहर में सार्वजनिक शौचालयों की संख्या 82 है। इसके साथ ही लोगों को खुले में शौच न जाने को लेकर जागरूक भी किया गया। इसी के आधार पर पटियाला को ओडीएफ के 500 में से 500 अंक दिए गए। मेयर संजीव शर्मा बिट्टू ने बताया कि शहर के 60 वार्ड मौजूदा समय में शौच मुक्त हो चुके हैं। वहीं जिन स्लम इलाकों में शौचालय की व्यवस्था निगम नहीं कर सका था, उन इलाकों में मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि हरेक शौचालय को प्रमुख सीवरेज लाइन के साथ भी जोड़ा गया है। शहर में सीवरेज कनेक्शनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 14 एमएलडी की क्षमता वाला एक नया सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट शेरमाजरा गांव में स्थापित किया जा रहा है। इसी प्रकार गांव अवलोवाल में भी 10 एमएलडी का एक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया है। महिलाओं के लिए स्थापित सार्वजनिक शौचालयों में सेनेटरी वेंडिंग मशीनों को स्थापित किया गया है।
नगर निगम कमिश्नर पूनमदीप कौर ने कहा कि ओडीएफ पर प्रथम श्रेणी का प्रमाणपत्र निगम टीम को ओवर आल रैंकिंग में अच्छा प्रदर्शन करने को प्रेरित करेगा। शहर को स्वच्छता और कचरे की उचित संभाल में अव्वल लाने के लिए हरेक शहरवासी का सहयोग अपेक्षित है।