सिविल अस्पताल में बुधवार को एंटी रैबीज का टीकालगाने के बाद दस साल के बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों ने वीरवार को शिवसेना हिंदोस्तान के साथ अग्रेसन चौक पर बच्चे का शव रखकर प्रदर्शन किया।
शिवसेना के प्रदेश उपप्रधान प्रवीण शर्मा ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सिविल अस्पताल के एसएमओ, टीका लगाने वाले संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ये घटना अस्पताल की लापरवाही के कारण हुई है।
शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। डीएसपी अमरजीत सिंह घुम्मन और तहसीलदार जोगिन्द्र सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर धरना दे रहे लोगों को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया।
पीड़ित परिवार और उनके समर्थक इस बात पर अड़े रहे कि जब तक सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. राजपाल को निलंबित कर उसके खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जाता वह शव को नहीं उठाएंगे।
अधिकारियों ने स्थिति को भांपते हुए धरने पर बैठे लोगों को आश्वासन दिलाया कि वह संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर रहे हैं। इसके बाद धरना दे रहे लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और बच्चे का अंतिम संस्कार कराने को राजी हो गए।
डीएसपी समाना अमरजीत सिंह घुम्मन ने बताया कि मामले की छानबीन के लिए एसडीएम समाना अरविंद कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है। यह टीम जांच के दौरान इस बात का पता लगाएगी कि टीका लगाने वाले डॉक्टर या दवा कंपनी की लापरवाही से यह दुखद घटना घटी। इसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।