पंजाब के पटियाला जिले के हलका सनौर से आप विधायक हरमीत पठानमाजरा को पटियाला कोर्ट से झटका लगा है। कोर्ट ने दुष्कर्म मामले में पठानमाजरा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। आरोपी विधायक एक महीने से फरार चल रहा है।
दुष्कर्म के केस में फंसे सनौर हलके से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को बड़ा झटका लगा है। पटियाला की जिला अदालत ने पठानमाजरा की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। इसके बाद अब पठानमाजरा के पास अब हाईकोर्ट जाने का विकल्प बचा है। पठानमाजरा करीब एक महीने से फरार चल रहे हैं। हालांकि इस दौरान उन्होंने वीडियो जारी करके अपनी ही सरकार पर हमले किए हैं।
विज्ञापन
गौरतलब है कि विधायक ने पंजाब में भयंकर बाढ़ की आपदा को लेकर अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा किया था। जिसके बाद उन पर पटियाला में जीरकपुर की महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया था। महिला का आरोप था कि पठानमाजरा ने खुद को तलाकशुदा बताकर उससे दूसरी शादी करके उसके साथ यौन शोषण किया। इसके बाद हरियाणा के गांव डबरी में अपने रिश्तेदार के घर गए पठानमाजरा को पटियाला पुलिस गिरफ्तार करने पहुंची थी।
आरोपों के मुताबिक पुलिस टीम पर फायरिंग व पत्थरबाजी करते हुए पठानमाजरा मौके से फरार हो गए। इसके बाद वीडियो जारी करके पठानमाजरा ने सरकार पर उनका एनकाउंटर कराने की साजिश रचने के आरोप भी लगाए थे। तभी से यह मामला लगातार गर्माया हुआ है। सितंबर महीने की शुरुआत से अब तक पठानमाजरा लगातार फरार चल रहे हैं। उनकी ओर से अदालत में पहले लगाई जमानत याचिका भी खारिज कर दी गई थी।