पटियाला में सरकार की ओर से विरासती और ऐतिहासिक इमारतों की संभाल पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा पटियाला को प्रमुख पर्यटन केंद्र के तौर पर विकसित किया जाएगा।
इससे विदेशी और देश के विभिन्न राज्यों से सैलानियों को पटियाला की विरासती इमारतों, सभ्याचार, पुराने बाजारों, रिवायती व्यापार, विभिन्न कलाओं से रूबरू होने का मौका हासिल हो सके।
पंजाब के सैर सपाटा एवं सभ्याचारक मामलों के मंत्री सरवन सिंह फिल्लौर ने यह विचार व्यक्त किए।
वह शुक्रवार को यहां ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा के साथ विश्व विरासत दिवस के मौके पर शाही समाधां से हैरीटेज वाक का रस्मी उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
फिल्लौर ने बताया कि सरकार की ओर से पटियाला की विरासती इमारतों की दिखावट को और खूबसूरत बनाने और जरूरी मरम्मत के लिए एक प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
इससे इस कार्य पर आने वाले खर्चों का अनुमान लग सके। उन्होंने बताया कि साल 2009-10 में पंजाब सैर सपाटे के क्षेत्र में 14वें स्थान पर था, जबकि बादल सरकार की कोशिशों से अब राज्य 12वें स्थान पर आ गया है।
इस मौके पर खास तौर से प्रमुख सचिव सभ्याचारक मामले विभाग गीतिका काल्हा, मेयर अमरिंदर सिंह बजाज, सीनियर डिप्टी मेयर जगदीश राय चौधरी आदि मौजूद रहे।