पंजाबी यूनिवर्सिटी की ओर से इंटरनेशनल, नेशनल और इंटरयूनिवर्सिटी मुकाबलों में (2014-15) के दौरान नाम कमाने वाले खिलाड़ियों, कोचों और खेल संचालकों को 1.70 करोड़ रुपये के नगद पुरस्कार बांटे गए।
इस संबंधी यूनिवर्सिटी के खेल विभाग की ओर से डायरेक्टर डा. गुरदीप कौर रंधावा की अगुवाई में कराए गए समागम में वीसी डा. जसपाल सिंह मुख्य मेहमान के तौर पर पहुंचे।
उन्होंने यूनिवर्सिटी के खेल विभाग, विभिन्न कालेजों के खेल प्रबंधकों और खिलाड़ियों व कोचों की ओर से हर साल की जाने वाली मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि लगातार नौ बार देश की अव्वल यूनिवर्सिटी के तौर पर राष्ट्रपति के हाथों मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्राफी हासिल करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी की ओर से खिलाड़ियों को हर संभव सुविधाएं दी जाएंगी।
समागम में तीरंदाज त्रिशा देव को सर्वोत्तम खिलाड़ी के तौर पर 3.24 लाख की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया। निशानेबाजी की कोच सवरनजीत कौर को वाइस चांसलर कोच आफ दि ईयर अवार्ड देकर नवाजा गया। साई कोच महिंदर सिंह ढिल्लों, प्रोफेसर जगरूप सिंह, प्रिंसिपल अनूप गुरबख्श सिंह, प्रोफेसर सुच्चा सिंह को जीवन भर की खेल प्राप्तियों के लिए सम्मानित किया गया। लगातार पांच बार इंटरयूनिवर्सिटी चैंपियन बनी पीयू की एथलेटिक टीम के कोच डा. जसबीर सिंह और हरभजन सिंह को विशेष तौर पर सम्मानित किया गया।
महिलाओं के वर्ग में ओवरऑल सर्वोत्तम कालेज की राजकुमारी अमृत कौर ट्राफी नेशनल कालेज आफ फिजिकल एजुकेशन को दिया गया। पुरुष वर्ग की यादविंदरा ट्राफी भी इसी कालेज के हिस्से आई। इसी कालेज ने माका ट्राफी के लिए सबसे ज्यादा योगदान पाने का खिताब भी अपने नाम किया। इंटर कालेज मुकाबलों में सर्वोत्तम कालेज का खिताब मुल्तानी मल मोदी कालेज ने जीता। सबसे अधिक खेल मुकाबलों में हिस्सा लेने का खिताब अकाल कालेज आफ फिजिकल एजुकेशन मस्तुआना साहिब के नाम रहा।
इस मौके पर प्रिंसिपल डा. जीत सिंह, डा. दलबीर सिंह, परमिंदर सिंह, कुलविंदर सिंह, मोहित अश्विनी, पूरन सिंह भंगू, डा. कल्पना देब नाथ, जैदीप शर्मा, राजवंत कौर, प्रोफेसर गुरशरभन सिंह गिल, बलदेव सिंह, पियूश शर्मा, कर्मजीत सिंह, सतविंदर सिंह, परमजीत शर्मा, मुकेश चौधरी, जसवंत सिंह व सुभाष मलिक को सम्मानित किया गया।