पंजाब के बिजली मुलाजिमों ने सांझे फोरम के आह्वान पर सरकार के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है। इसके तहत 17 दिसंबर से पांच जनवरी तक रैलियां और फिर इसके बाद हेडऑफिस के सामने विशाल प्रदेश स्तरीय धरना दिया जाएगा। इस दौरान बिजली मुलाजिमों के दूर-दूर तबादले करके उनके साथ अन्याय करने का विरोध किया जाएगा।
सांझे फोरम ने बैठक करके इस संबंधी फैसला लिया। फोरम के वक्ता मनजीत सिंह चहल, सचिव कर्मचंद भारद्वाज ने कहा कि बिजली मुलाजिमों की ओर से 17 दिसंबर से पांच जनवरी तक सब डिवीजन और डिवीजन स्तर पर रैलियां की जाएंगी। इसके बाद 20 जनवरी को पावरकॉम हेडऑफिस के सामने प्रदेश स्तरीय धरना दिया जाएगा।
बिजली मुलाजिम लीडरों ने कहा कि चार जून को पावरकॉम मैनेजमेंट के साथ बैठक में सहमति बनी थी कि एक दिसंबर 2011 से बिजली मुलाजिमों के पे बैंड में बढ़ोतरी की जाएगी। 10 साल से काम कर रहे वर्कचार्ज कर्मचारियों को रेगुलर किया जाएगा।
बिजली महकमे में मुलाजिमों पर काम का बोझ बढ़ रहा है, लेकिन बढ़े हुए काम के मुताबिक हजारों पद खाली होने के बावजूद भरे नहीं जा रहे हैं। मृतक कर्मचारियों के वारिसों को नौकरी देने का मामला लटकाया जा रहा है। पावरकॉम में मुलाजिमों के तबादले संबंधी कोई नीति नहीं बनाई जा रही है।
मुलाजिमों के तबादले करके उनके साथ अन्याय किया जा रहा है। इससे बिजली मुलाजिमों में रोष है। इसलिए संघर्ष तेज करके सरकार पर मांगों को मानने के लिए दबाव बनाया जाएगा।