अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला-राजपुरा रोड पर पीवीआर मॉल के सामने शनिवार देर रात करीब 12 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक बाइक को एक स्विफ्ट कार ने टक्कर मारी जिसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार रजिंदर कुमार (40) उछलकर डिवाइडर पर लगी लोहे की ग्रिल पर जा गिरा। ग्रिल की नुकीली रॉड उसकी गर्दन में धंस गई और मुंह के रास्ते बाहर निकल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस और मेडिकल टीम के पहुंचने के बाद सावधानी से युवक को ग्रिल से अलग कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान एसएसटी नगर निवासी रजिंदर कुमार के रूप में हुई है। वह डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। घायल युवक की पहचान शुभम उर्फ काका के रूप में हुई है। उसका राजिंदरा अस्पताल में इलाज चल रहा है। थाना अर्बन एस्टेट के जांच अधिकारी एएसआई भुपिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।