पटियाला। बहुचर्चित नाभा जेल ब्रेक मामले में शामिल दो आरोपियों से पटियाला की सेंट्रल जेल में मोबाइल बरामद किए गए हैं। जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना त्रिपड़ी पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पटियाला की सेंट्रल जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गुप्त सूचना के आधार पर सिक्योरिटी जोन नंबर दो में खड़े गैंगस्टर जगतवीर सिंह निवासी गांव रामपुरा जिला बठिंडा की तलाशी ली गई। इस पर उससे मोबाइल बिना सिम के बरामद किया गया। वहीं नाभा जेल ब्रेक मामले के एक अन्य आरोपी बिकर सिंह निवासी मुडकी थाना घल खुर्द से भी एक मोबाइल बिना सिम के बरामद हुआ। इसके ्अलावा जेल प्रशासन ने जेल के मुर्गी अहाते की पिछली साइड जमीन में दबे तीन लावारिस मोबाइल फोन भी बरामद किए। यह तीनों मोबाइल बिना सिम कार्ड के थे। इहाई सिक्योरिटी जोन नंबर दो की चक्की नंबर एक में पड़े सामान की तलाशी लेने पर दो चार्जर और एक चार्जिंग लीड बरामद की गई।