जिले की सेंट्रल जेल और नाभा की नई जिला जेल में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान सात मोबाइल और बड़ी मात्रा में नशा बरामद हुआ। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत पर तीन कैदियों और हवालातियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली नाभा पुलिस के पास नई जिला जेल नाभा के सहायक सुपरिंटेंडेंट कुलदीप सिंह ने शिकायत दी थी कि गश्त के दौरान बैरक नंबर चार की पिछली साइड पड़ती खिड़क़ी के नीचे मिट्टी में दबे तीन लावारिस मोबाइल बरामद हुए। गुप्त सूचना पर जब कैदी पुष्पिंदर सिंह निवासी गुलमर्ग कालोनी लदवाली जिला जालंधर की तलाशी ली गई तो उससे एक मोबाइल समेत सिम, चक्की नंबर 9 में बंद कैदी राजीव कुमार निवासी मोहल्ला ताजगंज जिला लुधियाना से एक मोबाइल बिना सिम और इसी तरह से हवालाती मंगविंदर सिंह निवासी गांव पती बलोल थाना सुल्तान विंड अमृतसर से एक मोबाइल समेत सिम बरामद किया गया।
इसी तरह से त्रिपड़ी थाना पुलिस पास सेंट्रल जेल पटियाला के सहायक सुपरिंटेंडेंट गुरदीप सिंह ने शिकायत की कि चेकिंग के दौरान दो पैकेट काली टेप साथ लिपटे मिले। उनको खोलकर जब चेक किया तो इसमें से 26 जर्दे की पुड़ियां, 45 नशीली गोलियां और एक मोबाइल फोन समेत सिम, बैटरी और चार्जर बरामद किया गया।