सेंट्रल जेल से बड़ी संख्या में मोबाइल और नशा बरामद किया गया है। थाना त्रिपड़ी पुलिस ने जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट के बयान पर दो के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट कुलदीप सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जेल स्टाफ ने जेल में बंद कैदी करन चोपड़ा निवासी नरवाना जिला जींद हरियाणा तलाशी ली। उसके परने से बंधे तीन पैकेट बरामद हुए। प्लास्टिक टेप से लपेटे इन पैकेटों को खोला गया तो पांच मोबाइल समेत बैटरी व बिना सिम, तीन डाटा केबल, 28 जर्दे की पुड़िया और एक सिगरेट की डिब्बी बरामद हुई।
कैदी ने बताया कि तीनों पैकेट जेल के बाहर से आरोपी गुरनाम सिंह निवासी गांव अलीपुर अराइयां पटियाला ने जेल के टावर नंबर तीन और चार के बीच बाहर से फेंके थे। इन पैकेटों को उसने वहां से उठाकर परने से बांधकर छिपा लिया था। आरोपी गुरनाम सिंह पहले पटियाला जेल में थाना त्रिपड़ी में दर्ज एक केस के सिलसिले में बंद था। बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया था। पूछताछ के दौरान जेल स्टाफ को कैदी करन चोपड़ा से एक और मोबाइल समेत बैटरी व सिम बरामद हुआ।