गांव बहिर साहिब में एक विवाहिता को पैसों की मांग को लेकर करंट लगाकर जान से मारने का मामला सामने आया है। पातड़ां थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते आरोपी पति समेत सास और जेठ व जेठानी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
मृतक विवाहिता के भाई सूरत सिंह निवासी गांव रसोली ने थाना पातड़ां पुलिस के पास बयान दिया है कि उसकी बहन रामजीत कौर (35) का विवाह करीब 14 साल पहले बहिर साहिब के रहने वाले किसान अमरिंदर सिंह के साथ हुआ था।
शादी के बाद से अकसर उसकी बहन को पैसों की मांग को लेकर मारा-पीटा जाता था। इससे उसकी बहन ससुराल में काफी परेशान थी। सूरत सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ मांग पूरी कर दी जाती थी।
अब उसकी बहन से ससुरालियों ने छह लाख रुपये लाने की मांग की थी। जो पूरी न कर सके। इसके कारण भड़के ससुराल वालों ने रामजीत कौर को करंट लगाकर जान से मार डाला।
रामजीत कौर के मरने की सूचना उसके मायके वालों को गांव के किसी व्यक्ति ने फोन पर दी। जब मायके परिवार के लोग ससुराल पहुंचे, तो देखा कि रामजीत कौर के गले पर निशान थे।
ससुरालियों ने कहा कि रामजीत कौर की मौत करंट लगने से हुई है। पुलिस ने विवाहिता के परिजनों के बयान पर पति, सास, जेठ यादविंदर सिंह और जेठानी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
आरोपी पति को काबू कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है।