लोहा नगरी के तीन गांव बदीनपुर, अंबेमाजरा और लाड़पुर में मंगलवार को 14 एकड़ गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई। आग का कारण खेतों के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज तारों में स्पार्किंग बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव बदीनपुर के सरपंच जगजीत सिंह के खेतों में मंगलवार दोपहर बिजली की तारों से निकली चिंगारी से भयंकर आग लग गई। लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन तब तक आग ने 11 एकड़ फसल को अपनी चपेट में ले लिया था।
आग से पास खड़ी पांच कनाल नाड़ जल गई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। जगजीत सिंह के भाई सतनाम सिंह ने बताया कि मंडी गोबिंदगढ़ की फैक्टरियों को बिजली सप्लाई देने वाली इन हाई वोल्टेज तारों के कारण उनके खेतों में तीन साल से आग लग रही है।
बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से भी इसकी शिकायत की गई लेकिन विभाग ने कभी गांव का दौरा नहीं किया। गांव अंबेमाजरा के किसान रणजीत सिंह ने बताया कि आग में उनकी डेढ़ एकड़ फसल और नाड़ी आग की भेंट चढ़ गई।
गांव लाडपुर स्थित शमशपुर में किसान मोहर सिंह की दो एकड़ गेहूं की फसल और तीन कनाल नाड़ जल गई। लोगों ने प्रशासन की लापरवाही पर रोष जताते हुए प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।