पंजाब सरकार ने पनसप के उपचेयरमैन पद से पटियाला के पार्षद कृष्ण चंद बुद्धू की छुट्टी कर दी है। दरअसल बुद्धू ने बीते दिनों पटियाला नगर निगम के मेयर संजीव शर्मा बिट्टू के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनकी पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू से शिकायत की थी।
बुद्धू ने सिद्धू से मिलकर शिकायत की थी कि पटियाला जिले में कांग्रेस पार्टी की बदनामी का एक बड़ा कारण मेयर हैं, क्योंकि नगर निगम में आम लोगों की शिकायतों का निपटारा नहीं हो रहा है। लोगों की निगम में कोई सुनवाई नहीं है। साथ ही बुद्धू ने यह भी आरोप लगाया था कि संजीव शर्मा बिट्टू को पटियाला के लोगों की इच्छा के विपरीत मेयर बनाया गया था। बुद्धू ने बिट्टू की मेयर पद पर तैनाती में सांसद परनीत कौर व उनकी बेटी जयइंद्र कौर का हाथ बताया था। इसके अलावा बुद्धू ने आरोप लगाया था कि उन्होंने अपनी बात रखने के लिए न केवल मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से समय मांगा, बल्कि सांसद परनीत कौर व अन्य अधिकारियों के पास भी गया, लेकिन किसी ने समय नहीं दिया। आरोप लगाया था कि वह पिछले एक साल से अपनी बात रखने के लिए समय मांग रहे थे।