पटियाला के खालसा कालेज में नए बने भाई दया सिंह ब्लाक का उद्घाटन करते एसजीपीसी के प्रधान जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़।
- फोटो : अमर उजाला
जनरल शिवदेव सिंह दीवान गुरबचन सिंह खालसा कालेज के नवनिर्मित भाई दया सिंह ब्लाक आफ कामर्स एंड मैनेजमेंट का बुधवार को एसजीपीसी के प्रधान जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ ने उद्घाटन किया। इस मौके पर उच्च शिक्षा एवं भाषा मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा, कालेज प्रिंसिपल डा. धरमिंदर सिंह ऊभा मौजूद रहे।
जत्थेदार मक्कड़ ने बताया कि यह ब्लाक करीब 11 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। इसमें स्टूडेंट्स को शिक्षा ग्रहण करने के लिए अति आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। कौम के भविष्य को संवारने के लिए शिक्षा सबसे उत्तम माध्यम है और पंजाब के नौजवानों को उच्च स्तर की शिक्षा देना बहुत ऊंचा और बड़ा उद्देश्य है।
कैबिनेट मंत्री रखड़ा ने कहा कि कालेज की ओर से चलाए जा रहे कोर्स आजकल के समय के मुताबिक हैं। इन कोर्सों के जरिये स्टूडेंट्स में ऊंचे संस्कार पैदा किए जा रहे हैं। इससे स्टूडेंट्स अच्छे शहरी और इंसान बन सकें।
कालेज प्रिंसिपल डा. ऊभा ने कहा कि इस ब्लाक में 41 क्लास रूम, चार लैबोरेटरियां, एक आडिटोरियम, एक सेमिनार रूम और 10 फैकेल्टी रूम बनाए गए हैं। सारे ब्लाक का निर्माण इंटरनेशनल स्तर के अनुसार किया गया है।
कालेज प्रिंसिपल ने बताया कि कालेज में इस साल से पांच एमफिल के कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। यह भी योजना बनाई है कि कालेज में हफ्तावारी कोर्स भी शुरू किए जाएं। साथ ही कालेज में उच्च शिक्षा का सिख स्टडीज विभाग भी स्थापित किया जा रहा है। इसमें सिखइज्म से संबंधित विभिन्न कोर्सों की पढ़ाई कराई जाएगी।