अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब सरकार के नशे के खिलाफ अभियान के तहत पटियाला पुलिस ने रविवार को जिले के 20 चिन्हित नशा हॉटस्पॉट पर एक साथ कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) चलाया। डीआईजी पटियाला रेंज और एसएसपी की अगुवाई में पुलिस टीमों ने घरों, पीजी, होटलों और अन्य संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली। इस दौरान 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई और तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस ने हॉटस्पॉट के अलावा सार्वजनिक स्थलों और बस स्टैंडों पर निगरानी रखी। प्रमुख रास्तों पर नाके लगाकर वाहनों की तलाशी ली गई और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य नशे की बरामदगी के साथ स्थानीय स्तर पर नशीले पदार्थों की सप्लाई और वितरण नेटवर्क को तोड़ना है। पुलिस ने कहा कि ऐसे कासो ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे और लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की।