संगरूर में काले झंडे लेकर रोष मार्च करती किसान और मजदूर जत्थेबंदियां।
- फोटो : अमर उजाला
जलूर जबर विरोधी एक्शन कमेटी के नेतृत्व में चार दिन से वित्त मंत्री की कोठी के सामने धरना लगाए बैठे मजदूर-किसानों ने काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी मांग कर रहे थे कि माता गुरदेव कौर के कातिलों और मजदूरों पर जुल्म ढाहने वाले व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जाए। आरक्षित पंचायती जमीन दलितों को दी जाए और स्वीकार की मांगों को लागू किया जाए। इसके साथ ही 24 नवंबर को संगरूर में विशाल रोष प्रदर्शन करने का एलान भी किया गया।
जमीन प्राप्ति संघर्ष कमेटी के नेता मुकेश मलौद, भाकियू एकता उग्राहां के जोगिंदर सिंह उग्राहां, भाकियू (डकौंदा) के गुरमीत सिंह भट्टीवाल ने कहा कि माता गुरदेव कौर को मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस बनती कार्रवाई नहीं कर रही। बेशक पुलिस ने पांच व्यक्तियों को पकड़ रखा है लेकिन उनके खिलाफ कागजी कार्रवाई करने की बजाय उनकी आवभगत की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जब तक उनकी स्वीकार मांगों को लागू नहीं किया जाएगा यह संघर्ष जारी रहेगा। मौके पर बलविंदर जलूर, लछमन सिंह, राम सिंह, कुलविंदर सेखा, कश्मीर सिंह, जोरा सिंह, सुखपाल सिंह, दातार सिंह, टहल सिंह, बहाल सिंह मौजूद थे।