मंडी गोबिंदगढ़ के राम भवन में जगमीत सिंह बराड़ का सम्मान करते पूर्व डा हरबंस लाल।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व लोकसभा सदस्य जगमीत सिंह बराड़ ने शनिवार को लोहा नगरी से नवां पंजाब नामक मिशन की शुरुआत की।
इसमें मंडी गोबिंदगढ़ समेत पंजाब भर में बंद हुई लोहा इंडस्ट्री को पुनर्विकसित करने के लिए बराड़ ने राम भवन मंदिर से एक जनसभा का आयोजन किया। इसमें पूर्व मंत्री डॉ. हरबंस लाल, पूर्व विधायक किला रायपुर तरसेम सिंह जौधां, पूर्व प्रदेश कांग्रेस सचिव गुरदास गिरधर, संत सिंह पटियाला कोआर्डिनेटर, किसान नेता राजिंदर सिंह बैनीपाल समेत आतंकवादी विरोधी फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने भी शिरकत की।
वहीं उद्योगपतियों के लिए रखे इस कार्यक्रम में एक भी उद्योगपति नहीं पहुंचा। इस पर बराड़ ने कहा कि उद्योगपति शायद सूबे की सियासत को भांप रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके बाद लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और बटाला में भी उद्योगपतियों से मिलकर जनसभाएं करेंगे। पंजाब भर में पिछले नौ साल में 25 हजार यूनिट बंद हो गए हैं। सबसे ज्यादा यूनिट गोबिंदगढ़ से बंद हुए हैं दूसरी और बिजली और टैक्स महंगा होने के कारण पंजाब की इंडस्ट्री पड़ोसी राज्यों से मुकाबला करने में पिछड़ रही है। 15 अगस्त के बाद नवां पंजाब के 225 सदस्य सराभे की धरती पर बैठक कर अहम फैसला लेंगे। वे उसी पार्टी को अपना समर्थन देंगे जो पंजाब हित की बात करेगी।
बराड़ ने कहा कि वे शिअद-भाजपा और कांग्रेस को छोड़ किसी भी पार्टी को अपना समर्थन दे सकते हैं। मौजूदा समय पंजाब को बेहद गंभीर हालातों से बाहर निकालने का है। पंजाब की दयनीय हालत करने में शिअद गठबंधन और कांग्रेस बराबर की जिम्मेदार है। लेकिन आम आदमी पार्टी काफी हद तक सही दिशा की ओर चल रही है। लोकसभा भवन का वीडियो वायरल करने वाले सांसद भगवंत मान पर कार्रवाई पर भी बराड़ ने कहा कि ये आप का निजी मामला है। साथ में ये भी कहा कि संसद में ये पहली घटना है।