पटियाला। पटियाला की सेंट्रल जेल में गैंगस्टरों को बड़ी चालाकी के साथ नशे की सप्लाई हो रही थी। इसका भंडाफोड़ तब हुआ, जब जेल स्टाफ ने शक के आधार पर मुलाकाती द्वारा लाई गई क्रीम की ट्यूबों को फाड़ा, तो उनमें से बड़ी संख्या में नशे की गोलियां बरामद की गईं। जेल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में जेल में बंद तीन गैंगस्टरों के अलावा मुलाकाती के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जेल सुपरिंटेंडेंट शिवराज सिंह नंदगढ़ ने बताया कि विनय कुमार नाम का एक मुलाकाती जेल में आया था। उसने रजिस्टर में लिखवाया कि वह जेल में सिक्योरिटी जोन में बंद गैंगस्टर धरमिंदर सिंह निवासी अमृतसर, गैंगस्टर हरदीप सिंह निवासी गांव महिल कलां जिला बरनाला और गैंगस्टर प्रिंस निवासी तरनतारन को एंटीसेप्टिक क्रीम और जख्मों पर लगाने वाली क्रीम देने आया है। मुलाकाती के पास सात ट्यूब थीं। गेट पर तैनात जेल स्टाफ ने मुलाकाती से ट्यूब ले लीं और जैसे ही सामान की चेकिंग की जाने लगी, तो मुलाकाती वहां से चुपके से खिसक लिया। इससे जेल स्टाफ को शक हुआ और ट्यूबों को फाड़ा गया, तो सभी दंग रह गए। ट्यूबों में 170 नशीली गोलियां भरी थीं। जेल सुपरिंटेंडेंट के मुताबिक ट्यूबों को पीछे की तरफ से फाड़कर उन्हें खाली कर नशीली गोलियां भरी गई थीं।
साथ ही बताया कि सभी गैंगस्टर विभिन्न केसों में इस समय ट्रायल पर हैं। गैंगस्टरों पर लूटपाट, हत्या की कोशिश और लड़ाई-झगड़े के केस दर्ज हैं। साथ ही बताया कि जेल में इन गैंगस्टर, हवालातियों से पहले भी मोबाइल और अफीम बरामद हो चुकी है। फिलहाल जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना त्रिपड़ी पुलिस ने तीनों गैंगस्टर हवालातियों के अलावा मुलाकाती खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नाभा जेल में गैंगस्टर से मोबाइल व अन्य सामान बरामद
नाभा की मैक्सिमम सिक्योरिटी जेल में बंद गैंगस्टर हरजोत सिंह निवासी गांव डलेवाल जिला होशियारपुर की अचानक तलाशी लेने पर उसके बैग से एक मोबाइल समेत सिम, एक डोंगल, एक चार्जर, हेडफोन और एक डाटा केबल बरामद की गई। गैंगस्टर इस समय ट्रायल पर है। उसके खिलाफ जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट बरकत अली की शिकायत पर कोतवाली नाभा थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।