पंजाबी यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित पहली अखिल भारतीय इंटरयूनिवर्सिटी इंडोर हॉकी चैंपियनशिप सोमवार को संपन्न हो गई। इसके पुरुष व महिला दोनों वर्गों में मेजबान पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
विजेता टीमों को पुरस्कार बांटने की रस्म यूनिवर्सिटी के डीन अकादमिक मामले डा. एएस चावला ने अदा की। मौके पर हॉकी के द्रोणाचार्य बलदेव सिंह को विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट में पुरुषों की 11 और महिलाओं की सात टीमों ने हिस्सा लिया।
महिलाओं के वर्ग में पंजाबी यूनिवर्सिटी ने चोटी की चार टीमों वाली सुपरलीग के तीन मैच जीत कर पहला, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ ने एक जीत, एक हार और एक बराबरी के साथ दूसरा, जबकि एमडीयू रोहतक ने एक मैच जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया। समापन पर हुए पहले मैच में पंजाबी यूनिवर्सिटी ने श्री गुरू ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी को 2-0 से हराया।
दूसरा मैच पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ और एमडीयू रोहतक के बीच दो-दो गोलों के साथ बराबर रहा। पुरुष वर्ग में पंजाबी यूनिवर्सिटी व गुरू नानक देव यूनिवर्सिटी ने चोटी की चार टीमों वाली सुपरलीग के दो-दो मैच जीते और एक-एक मैच बराबर रखा। बेहतर गोल औसत के आधार पर पंजाबी यूनिवर्सिटी अव्वल रही। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी को दूसरा स्थान मिला।
पंजाब यूनिवर्सिटी ने एक मैच जीत कर तीसरा स्थान हासिल किया। इस वर्ग के सोमवार को हुए पहले मैच में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ ने पंजाब खेतीबाड़ी यूनिवर्सिटी लुधियाना को 3-1 से हराया। दूसरा मैच पंजाबी यूनिवर्सिटी और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के बीच 4-4 गोलों के साथ बराबर रहा।