भारतीय फौज के भर्ती दफ्तर पटियाला की ओर से 17 से 23 अक्तूबर तक संगरूर के वार हीरो स्टेडियम में विभिन्न पदों के लिए खुली भर्ती रैली की जा रही है।
भर्ती डायरेक्टर कर्नल जैशील कौशल ने बताया कि पटियाला, मानसा, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब जिलों के उम्मीदवारों की ओर से सोल्जर जनरल ड्यूटी, सोल्जर तकनीकी, सोल्जर क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी और सोल्जर नर्सिंग सहायक के पदों जबकि राज्य के अन्य जिलों के उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग सिर्फ सोल्जर क्लर्क /स्टोर कीपर तकनीकी, सोल्जर तकनीकी और सोल्जर नर्सिंग सहायकों के पदों के लिए की जाएगी।
उन्होेंने बताया कि 17 अक्तूबर को मानसा, 18 को पटियाला, 19 को बरनाला और फतेहगढ़ साहिब और 20 अक्तूबर को संगरूर के उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग, टोकन जारी करने और रजिस्ट्रेशन संबंधी प्रक्रिया होगी और पास होने वाले उम्मीदवारों का मेडिकल किया जाएगा।
21 अक्तूबर को पटियाला, संगरूर, मानसा, बरनाला और फतेहगढ़ साहिब जिलों के उम्मीदवारों को छोड़कर बाकी जिलों के उम्मीदवारों के सोल्जर क्लर्क /स्टोर कीपर तकनीकी, सोल्जर तकनीकी और सोल्जर नर्सिंग सहायक पदों पर भरती के लिए स्क्रीनिंग, टोकन, रजिस्ट्रेशन और मेडिकल की प्रक्रिया मुकम्मल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 22 अक्तूबर को पास उम्मीदवारों की मेडिकल परीक्षा और दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया के बाद दाखिला कार्ड जारी किए जाएंगे और 23 अक्तूबर को अंतिम दस्तावेजी जांच होगी। 27 अक्तूबर को रैली वाली जगह पर ही सोल्जर नर्सिंग सहायक पद को छोड़कर बाकी सारे ओहदों के लिए सांझी लिखित दाखिला परीक्षा होगी।