पटियाला। सरकारी राजिंदरा अस्पताल के जूनियर रेजीडेंट डाक्टरों ने मंगलवार को ओपीडी के कामकाज का बायकाट करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। इस मौके जूनियर डाक्टरों पर बेवजह का काम का बोझ डालने के आरोप लगाते इस संबंधी जल्द उचित कदम उठाने की मांग की गई।
जूनियर रेजीडेंट डाक्टर्स की अस्पताल यूनियन के प्रधान डा. अनिल राविश और डा. विशाल ने बताया कि मेडिकल कालेज में इस समय दो बैच के करीब 300 रेजीडेंट डाक्टर काम कर रहे हैं, जबकि मरीजों की संख्या को देखते हुए यहां 450 से ज्यादा डाक्टरों की जरूरत है। ऐसे में उन पर काम का अतिरिक्त बोझ है। वहीं उधर 2021 के रेजीडेंट डाक्टरों के दाखिले का मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, जिसकी सुनवाई नहीं हो रही है। इसलिए 2021 बैच के रेजीडेंट डाक्टरों का दाखिला अब तक नहीं हुआ है। नया साल शुरू होने वाला है। उन्होंने बताया कि काम के बोझ के बारे में उन्होंने अपनी परेशानी मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल समेत सरकारी राजिंदरा अस्पताल के एमएस को भी बताई है।