पटियाला। पटियाला की सेंट्रल जेल में पैकेट बनाकर मोबाइल व नशे दीवार के जरिये अंदर फेंककर भाग रहे दो आरोपियों में से एक को पीसीआर कर्मचारियों ने जेल अधिकारी की मदद से पीछा करके काबू कर लिया। जबकि दूसरा आरोपी फरार होने में सफल रहा। दोनों आरोपियों के खिलाफ जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना त्रिपड़ी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के जांच अधिकारी थाना त्रिपड़ी से एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि पटियाला जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट को सूचना मिली कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने फुल्कियां एनक्लेव वाली साइड से दीवार के जरिये सेंट्रल जेल के अंदर एक पैकेट फेंका गया है।
तुरंत हरकत में आते हुए जेल अधिकारी ने पीसीआर मुलाजिमों हरजीत सिंह व भूपिंदर सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार दोनों आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान एक आरोपी को मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार कर लिया गया। जिसने अपना नाम विकास निवासी रोज कालोनी राजपुरा रोड पटियाला बताया, जबकि उसने फरार होने वाले अपने साथी का नाम शाहिद निवासी मथुरा कालोनी पटियाला बताया है। पुलिस के मुताबिक अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि 23 साल के विकास का कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। वह आईटीआई में डिप्लोमा कर रहा है। वहीं उसका साथी शाहिद शराब तस्करी के मामले में कुछ समय पहले पटियाला जेल में बंद था। आरोपियों की ओर से जेल में फेंके गए पैकेट को जब खोला गया, तो इसमें से एक मोबाइल समेत बैटरी और 24 जर्दे की पुड़िया बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक यह मोबाइल व नशा किसे भेजा था और दोनों आरोपी जेल में किसके संपर्क में थे, यह जांच का विषय है।
नाभा जेल में तलाशी दौरान के दो मोबाइल मिले, दो नामजद
पटियाला। नाभा की नई जिला जेल में तलाशी के दौरान दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। इस मामले में एक कैदी व एक हवालाती के खिलाफ थाना सदर नाभा में केस दर्ज कर लिया गया है।
जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट शरीफ मोहम्मद के मुताबिक वार्ड नंबर चार की बैरक नंबर चार में तलाशी की गई, तो इस दौरान हवालाती अमनदीप कुमार निवासी गांव धनौरी जिला रोपड़ की जेब से एक मोबाइल समेत सिम कार्ड बरामद किया गया। इसी तरह से चक्की नंबर पाच की तलाशी के दौरान कैदी जतिंदर सिंह निवासी मोगा के बिस्तर से एक मोबाइल समेत सिम कार्ड बरामद किया गया।