पटियाला पुलिस को शुक्रवार को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब नशों की तस्करी, कत्ल और लूटपाट करने वाले गिरोह के तीन खतरनाक सदस्यों को असलाह समेत काबू कर लिया गया।
आईजी पटियाला जोन ईश्वर सिंह, डीआईजी शिवे कुमार वर्मा, एसएसपी हरदियाल सिंह मान ने शुक्रवार बाद दोपहर पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इंस्पेक्टर अवतार सिंह इंचार्ज सीआईए स्टाफ पटियाला और एसआई हरपाल सिंह इंचार्ज सीआईए स्टाफ राजपुरा ने समेत पुलिस पार्टी नशीले पदार्थों की स्मगलिंग का व्यवसाय करने वाले और कत्ल, लूटपाट करने वाले गिरोह के तीन खतरनाक सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
इन आरोपियों ने फगवाड़ा के नजदीक हवेली ढाबे के पास 1 अप्रैल, 2013 को ड्यूटी पर तैनात एएसआई गुरदेव सिंह का कत्ल किया था।
पुलिस ने इस केस में खतरनाक भगोड़े रजिंदर सिंह उर्फ मिंटू उर्फ गैरी पुत्र मनजीत सिंह निवासी भैनी खुर्द थाना वढाली वाला जिला फतेहगढ़ साहिब को एक पिस्तौल 30 बोर समेत पांच रौंद, इसके साथी अमनप्रीत सिंह उर्फ जीता जालंधरी पुत्र जतिंदर सिंह निवासी प्रिंस प्लाजा, मिठापुर रोड जालंधर को एक पिस्तौल 9 एमएम समेत पांच कारतूस, अमनदीप गर्ग उर्फ जीपी पुत्र सुरेश कुमार निवासी तरनतारन बठिंडा रोड मुक्तसर को एक पिस्तौल 32 बोर समेत पांच कारतूस काबू किया है।
पुलिस मेन हाईवे सरहिंद-राजपुरा रोड टी प्वाइंट बाहद गांव उपली चेकिंग के लिए मौजूद थी। चेकिंग में सरहिंद साइड से एक ओडी कार जिसमें तीन नौजवान सवार थे, को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। कार रुकते ही बंद हो गई और गाड़ी में बैठे नौजवान उतर कर भागने लगे जिनको पुलिस पार्टी ने काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों खिलाफ थाना सदर राजपुरा में केस दर्ज कर लिया है।
एसएसपी ने बताया कि रजिंदर सिंह मिंटू नशों के तस्कर जगदीश भोला का साथी था और इसकी गिरफ्तारी से नशों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पंजाब से सफाया हो गया है। गिरफ्तार रजिंदर सिंह उर्फ मिंटू व इसके साथियों के पास से पूछताछ में पता लगा कि रजिंदर सिंह ने पलविंदर सिंह उर्फ पिंदा निवासी निहालूवाला थाना लोहिया जिला जालंधर, तलविंदर सिंह उर्फ टैली निवासी गांव टुट कलां थाना नकोदर जिला जालंधर, पुसपिंदर सिंह उर्फ नोनी निवासी गुलमर्ग एवेन्यू लभे वाली थाना रामा मंडी जिला जालंधर के साथ मिलकर अपना एक कत्ल, लूटपाट और ड्रग्स की तस्करी का गिरोह बनाया हुआ है। इनके खिलाफ पंजाब समेत अन्य राज्यों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।