निर्माणाधीन बटन लाल रोड बीस साल बाद एक बार फिर विवादों में घिर गई है। बेशक 65 प्रतिशत सड़क बनकर तैयार हो गई है लेकिन सड़क बनने के तुरंत बाद धंसनी भी शुरू हो गई है।
22 जनवरी को नगर काउंसिल अध्यक्ष पूनम जिंदल ने 22 फुट चौड़ी सड़क का उद्घाटन किया था लेकिन इसके एस्टीमेट के मुताबिक सड़क महज 16 फुट चौड़ी बनी है।
इसी के रोष में वार्ड नं 21 के आजाद पार्षद सुरेश बबली ने अपने वार्ड से लेकर नगर काउंसिल के गेट तक रोष मार्च निकाला। उन्होंने काउंसिल अधिकारियों को इस एस्टीमेट में धांधली करने के संगीन आरोप लगाए और ईओ जगजीत सिंह जज को लोकल बाडी डायरेक्ट के नाम एक मांग पत्र भी सौंपा।
ठेकेदार नरिंदर कौशल ने बताया कि टोटल सड़क 2100 फुट बननी थी जिसमें उन्होंने 1500 फुट सड़क बना दी है। सड़क का 32 लाख के आसपास का एस्टीमेट था। सड़क के आसपास लगती कुछ गलियों में मरम्मत के कारण सड़क का एस्टीमेट कम हुआ था जिसके लिए हमने संबंधित विभाग को बता दिया था।
वहीं काउंसिल अध्यक्ष पूनम जिंदल ने कहा कि जहां तक नई सड़क धंसी है उसके लिए काउंसिल की तकनीकी टीम जिम्मेदार है। ये सड़क का विकास कार्य 2013 में पास हुए एस्टीमेट से किया गया है।
पिछले माह अपनी बैठक में यह मुद्दा उठाया गया था कि ये एस्टीमेट बहुत कम है। यह एस्टीमेट काउंसिल की तकनीकी टीम ने तैयार किया था, लेकिन हम इसी माह फिर हाउस की बैठक में बटन लाल रोड का रहते काम का प्रस्ताव रखेंगे और उसे लोकल बाडी सरकार से पास करवाएंगे।
ईओ जगजीत सिंह जज ने बताया कि बटन लाल रोड का कुछ हिस्सा रह गया था, एसडीओ से एस्टीमेट लेकर तैयार कर लिया गया है। अगले महीने काम बाकी अधूरा काम अगले महीने में पूरा कर लिया जाएगा।