अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब में सोमवार को कई स्थानों पर बारिश के कारण तापमान में 2.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसी बीच मौसम विभाग ने बुधवार से तीन दिन पंजाब में भारी बारिश पड़ने का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इससे आने वाले दिनों में तापमान में और कमी दर्ज की जा सकती है। आज सबसे अधिक 36.3 डिग्री का पारा अमृतसर का दर्ज किया गया। पंजाब के न्यूनतम तापमान में हालांकि 0.7 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यह सामान्य से 2.1 डिग्री ऊपर बना हुआ है। सबसे कम 24.4 डिग्री का न्यूनतम पारा पठानकोट का दर्ज किया गया। रूपनगर में 10.0 एमएम, एसबीएस नगर में 9.0 एमएम, मोहाली में 3.5 एमएम, पटियाला में 1.4 एमएम, लुधियाना में 0.2 एमएम की बारिश दर्ज की गई। लुधियाना का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री, पटियाला का 32.9 डिग्री, पठानकोट का 33.4 डिग्री, बठिंडा का 35.0 डिग्री, फाजिल्का का 35.5 डिग्री, फिरोजपुर का 35.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 28.2 डिग्री, लुधियाना का 28.6 डिग्री, पटियाला का 28.5 डिग्री, बठिंडा का 26.4 डिग्री, होशियारपुर का 27.1 डिग्री, फरीदकोट का 28.5 डिग्री, फिरोजपुर का 28.5 डिग्री दर्ज किया गया।