वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा ने कहा कि लौंगोवाल में सरकारी गर्ल्स कॉलेज बनाने के लिए पंजाब सरकार ने पांच करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं। साथ ही लौंगोवाल में नया बस स्टेंड बनाने को भी सरकार ने हरी झंडी दिखा दी है। सुनाम के दौरे पर आए वित्त मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हलके का विकास उनकी प्राथमिकता है।
ढींढसा ने कहा कि पंजाब के लोग आप के छलावे में नहीं आएंगे। इस पार्टी की सियासत का आधार तो सिर्फ विरोधी दलों पर कीचड़ उछालने और सवाल उठाने का है। उन्होंने कहा कि सुनाम हलके में खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए खालों (नालों) पर सौ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत करीब पचास फीसदी राशि खर्च की जा चुकी है और शेष अगले दो सालों में खर्च होगी।
तीन साल के इस प्रोजेक्ट का किसानों को भारी लाभ होगा और खेतों में पानी की किल्लत दूर होगी। सरकारी कॉलेज में ऑडिटोरियम के निर्माण का काम पूरी गति से चल रहा है। इस अवसर पर अमनवीर सिंह चैरी, काउंसिल अध्यक्ष भागीरथ राय, गुरचरण सिंह धालीवाल, यादविंदर निर्माण, मनिंदर सिंह लख्मीरवाला और रविंदर गोरखा हाजिर थे।