अमृतसर। श्री हरिमंदिर साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी रघबीर सिंह ने स्पेन के जस्टिस, रिलीजियस और डेमोक्रेटिक अफेयर्स मिनिस्टर रेमन एस्पाडेलर से एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में सिख समुदाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर गहन चर्चा की गई।
ज्ञानी रघबीर सिंह ने सिखों को धार्मिक आज़ादी, पगड़ी, ककारों और सामाजिक जीवन में आने वाली समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ये मुद्दे केवल एक देश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सिखों को कई देशों में इन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। स्पेन के जस्टिस मिनिस्टर रेमन एस्पाडेलर ने ज्ञानी रघबीर सिंह की बातों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि स्पेन में सिखों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्पेन सरकार धार्मिक स्वतंत्रता और डेमोक्रेटिक मूल्यों पर विश्वास करती है और हर धर्म के मानने वालों को समान अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर, ज्ञानी रघबीर सिंह ने मिनिस्टर रेमन एस्पाडेलर को श्री हरिमंदिर साहिब जी आने का न्योता दिया। मिनिस्टर ने इसे स्वीकार किया और भारत आने की इच्छा जताई। संवाद