एक व्यक्ति ने सेना में नौकरी लगाने का झांसा देकर दो लोगों से एक-एक लाख रुपये ठगे। थाना जीरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
बलविंदर सिंह पुत्र गुरचरण सिंह वासी चुगावा तहसील अजनाला जिला अमृतसर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि आरोपी जरनैल सिंह पुत्र नछत्तर सिंह वासी गादड़ी वाला थाना जीरा ने उसके बेटे लखविंदर सिंह और दलवीर सिंह पुत्र कुंदन सिंह वासी माहल जिला अमृतसर को सेना में नौकरी दिलवाने के लिए एक-एक लाख रुपये लिए। जब उसने नौकरी नहीं लगवाई तो अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन उसने मना कर दिया।
बलविंदर की शिकायत पर पुलिस ने तहकीकात करने के बाद सभी सबूत मिलने पर जरनैल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।