बागों के शहर में हरियाली बढ़ाने के लिये नए सीजन में बड़े स्तर पर प्रयास होने जा रहा है। इस बार शहर में वन विभाग की ओर से साढे़ 14 लाख पौधे लगाये जायेंगे। पौधरोपण जुलाई में शुरू होगा लेकिन विभाग ने पौधे तैयार कर लिये हैं। वन विभाग की ओर से हरियाली बढ़ाने की इस मुहिम में पौधे लगाने के लिये स्कूल, कॉलेजों और एनजीओ की मदद ली जाएगी। विभाग के अधिकारी खुद भी पौधरोपण करेंगे।
इसकी शुरुआत जुलाई से होगी। विभाग उन स्थानों का सर्वे कर रहा है जहां पौधे लगाए जा सकते हैं। सर्वे के आधार पर ही पौधरोपण किया जाएगा। पटियाला के बाहरी इलाकों पर खासतौर से ध्यान दिया जा रहा है क्योंकि सड़कें चौड़ी करने के लिए सैकड़ों की तादाद में पेड़ काटे गए थे। इन इलाकों में लंबे समय से पौधरोपण नहीं हो पाया है। इस बार विभाग प्रयास कर रहा है कि बाहरी इलाकों में ज्यादा पौधरोपण करवाया जाये। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में चार फीसदी के आसपास ही जंगलात के अधीन एरिया है।
इसके बावजूद राज्य में जंगलात विकास के लिये सरकार की ओर से फंडों का बंदोबस्त नहीं किया गया। पटियाला में भी जंगलात विभाग को इस बार न के बराबर ही फंड जारी हुये हैं। डिविजनल फोरेस्ट ऑफिसर सतिंदर कुमार सागर ने बताया कि पटियाला को हरा भरा बनाने के लिये इस बार साढे़ चौदह लाख पौधे तैयार किये गये हैं। ये लोगों को उनकी मांग के मुताबिक दिए जाएंगे।