किराये पर अपनी गाड़ी के जरिये फोकल प्वाइंट स्थित ईगल लैबोरेटरी के लिए दवाओं की सप्लाई करने वाले व्यक्ति को रास्ते में घेरकर मारपीट करने बाद उससे 40 हजार की लूट करने का मामला सामने आया है। वारदात बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना अनाज मंडी पुलिस ने दो आरोपियों को नामजद करने के अलावा चार अज्ञात खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
सुरिंदर सिंह निवासी भारत नगर ने पुलिस पास बयान दिया है कि वह ईगल लैबोरेटरी के लिए किराये पर अपनी महिंदरा सुपर मैक्स गाड़ी के जरिये दवाओं और अन्य सामान की सप्लाई का काम करता है। रोजाना की तरह वह शुक्रवार शाम को भी अपने फोर व्हीलर पर गली नंबर पांच भारत नगर में जा रहा था। इसी दौरान आरोपी अभिषेक निवासी भारत नगर, हरशदीप सिंह निवासी गांव रसूलपुर सैदा और चार अज्ञात व्यक्तियों ने रास्ते में उसे धोखे से रोका और घेरकर मारपीट की। उससे लैबोरेटरी की दवाओं की 40 हजार रुपये नकदी छीन ली। एक आरोपी ने उस पर छुरे से वार किया, जो उसके हाथ में लगा। अस्पताल से उपचार के बाद पीड़ित को छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल पुलिस केस दर्ज करके मामले में जांच कर रही है।