फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब के चार शहरों की हवा खराब: पराली जलाने के मामले 2500 के पार, संगरूर में 61 जगह लगाई गई आग

Tue, 04 Nov 2025 11:31 AM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटियाला (पंजाब)

सार

प्रदूषण से होने वाली सेहत संबंधी समस्याओं को रोकने के लिए सेहत विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। इस मौसम में पैदल चलने, साइकिल चलाने और दौड़ने से बचना चाहिए। बाहर निकलते समय चेहरे पर मास्क पहनना चाहिए, धूल-मिट्टी उड़ने से रोकने के लिए पानी का स्प्रे करना चाहिए।
विज्ञापन
पंजाब में जल रही पराली - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब में पराली जलाने के मामले 2500 के आंकड़े को पार कर गए। सोमवार को 256 नए मामले सामने आए और बीते कई दिनों की तरह सबसे ज्यादा पराली संगरूर में ही जली। संगरूर में 61 नए मामले सामने आए। पराली के जलने से सूबे की आबो-हवा में लगातार प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। 

विज्ञापन


सोमवार को चार शहरों का एक्यूआई खराब श्रेणी में दर्ज किया गया जिनमें पटियाला का सबसे अधिक 250, खन्ना का 248, मंडी गोबिंदगढ़ का 234 और जालंधर का 206 दर्ज किया गया। पंजाब में सोमवार को पराली जलाने के कुल मामले 2518 हो गए। इनमें से सबसे अधिक 471 मामले जिला तरनतारन से, वहीं संगरूर से 467, फिरोजपुर से 263, अमृतसर जिले से 232, बठिंडा से 166, पटियाला से 146, कपूरथला से 104, मानसा से 94, मुक्तसर से 80, मोगा से 78, लुधियाना से 57, बरनाला से 56, मालेरकोटला से 46, जालंधर से 43, फाजिल्का से 42, फरीदकोट से 39, फतेहगढ़ साहिब से 30, एसएएस नगर से 26,होशियारपुर से 15 मामले सामने आए।

सेहत विभाग ने जारी की एडवाइजरी 

प्रदूषण से होने वाली सेहत संबंधी समस्याओं को रोकने के लिए सेहत विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। जिले के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट कम सिविल सर्जन पटियाला डॉ. संजय कामरा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से एयर क्वालिटी इंडेक्स बिगड़ने के कारण बच्चों और बुजुर्गों, खासकर जिन्हें पहले से अस्थमा या सांस की बीमारियां हैं, ऐसे मरीजों की आमद अस्पतालों में बढ़ गई है। आम तौर पर प्रदूषण के कारण आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ, थकान और चिड़चिड़ापन के लक्षण सामने आ रहे हैं। उन्होंने किसानों से सांस के मरीजों की समस्याओं को देखते हुए पराली जलाने से परहेज करने की अपील की।

कूड़े में आग लगाने से बचें...

इस मौसम में पैदल चलने, साइकिल चलाने और दौड़ने से बचना चाहिए। बाहर निकलते समय चेहरे पर मास्क पहनना चाहिए, धूल-मिट्टी उड़ने से रोकने के लिए पानी का स्प्रे करना चाहिए। सांस और अस्थमा के मरीज अपनी दवाएं और इनहेलर जरूर साथ रखें। घरों में झाड़ू की जगह गीले पोछे के इस्तेमाल को प्राथमिकता देनी चाहिए। अगरबत्ती, पत्ते और कूड़ा-करकट नहीं जलाना चाहिए। पार्कों वगैरह में जमा घास-पत्तियों को जलाने की जगह कुचल देना चाहिए। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को प्रदूषित इलाकों में जाने से रोकना चाहिए।

Trending Videos
विज्ञापन

मोगा में पिछले तीन साल में सबसे कम जली पराली 

किसानों को पराली जलाने के बजाय उसके सही प्रबंधन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मोगा उच्च अधिकारियों, कृषि विभाग और नोडल अधिकारियों की टीमें गांव-गांव जा रही हैं। ताकि मोगा को जीरो स्टबल बर्निंग जिला बनाया जा सके। डीसी मोगा सागर सेतिया और एसएसपी अजय गांधी ने गांव गांव में जाकर खेतों का दौरा किया और किसानों को इन-सीटू और एक्स-सीटू तरीकों से पराली प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया। 

दोनों अधिकारियों ने खुद ट्रैक्टर चलाकर किसानों को जागरूक किया। मोगा जिले में अभी तक 60 पराली जलने के मामले सामने आए हैं, जो पिछले तीन साल में सबसे कम हैं। अभी तक 26 किसानों पर मामला दर्ज किया गया और करीब 1 लाख 50 हजार जुर्माना लगाया गया।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें