पटियाला। नाभा में पैसों के लेनदेन को लेकर फाइनेंसर पर कुछ लोगों ने तलवार से हमला कर दिया। कोतवाली नाभा पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दंपती समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी गिरफ्तारी बाकी है। पीड़ित फाइनेंसर जसविंदर सिंह निवासी गांव घन्नौर राजपूतां जिला संगरूर ने बयान दिया है कि उसका रविंदर कुमार उर्फ लवली, उसकी पत्नी रंगरूप कौर निवासी हीरा एनक्लेव नाभा, गुरविंदर सिंह और दीपा के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
मामले में नाभा कोर्ट में केस भी चल रहा है। दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपने समन लेने तहसील कोर्ट नाभा पहुंचा। बाहर ही आरोपियों ने उसे घेर लिया और पीटा। बाद में आरोपी उसे गाड़ी में डालकर हीरा एनक्लेव पुडा कालोनी नाभा ले गए। वहां दोबारा उसके साथ मारपीट की और मार देने की नीयत से सिर पर तलवार से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उनके खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। उधर फाइनेंसर पटियाला के एक प्राइवेट अस्पताल में उपचाराधीन है।