समाना के नजदीक कोटला नसरू गांव के एक युवा किसान ने लाखों के कर्ज से तंग आकर मंगलवार देर रात कोई जहरीली दवा पीकर जान दे दी।
पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम कराने के बाद इसे वारिसों के हवाले कर दिया था। मामले में 174 की कार्रवाई की गई है। मामले के जांच अधिकारी सदर समाना थाने के एएसआई छज्जू सिंह ने बताया कि समाना के नजदीकी गांव कोटला नसरू के रहने वाले किसान मनजीत सिंह (35) पुत्र भजन सिंह ने मंगलवार रात कोई जहरीली दवा पी ली। उसे तुरंत समाना के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर उसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया है कि मनजीत सिंह पर बैंकों का लाखों रुपये का लोन था, जो उसने अपनी दो एकड़ जमीन पर खेतीबाड़ी करने और घर का खर्च चलाने के लिए लिया था। खराब आर्थिक हालत और खेती से कोई मुनाफा न होने के कारण मनजीत सिंह कर्ज नहीं उतार पा रहा था। पिछले करीब तीन-चार महीने से वह मानसिक तौर पर काफी परेशान चल रहा था। जिसके लिए वह दवा भी खा रहा था।
पिछले 15 दिनों से वह ज्यादा परेशान था। इसी हालत में मंगलवार रात उसने आत्महत्या करने जैसा कदम उठा लिया। मनजीत सिंह अपने पीछे पत्नी, सात साल की लड़की और चार साल का बेटा छोड़ गया है।