पंजाब और निकटतम राज्यों में स्थित विशाल दरगाहों पर बैठे गद्दीनशीन ‘बाबाओं’ की संस्था गरीब नवाज वेलफेयर सोसायटी ने अब फर्जी गद्दीनशीन ‘बाबाओं’ को बेनकाब करने का बीड़ा उठाया है। सोसायटी ने इस अभियान के लिए विशेष टीम का गठन किया है जो ऐसे फर्जी लोगों की पहचान करेगी । सोमवार को जैतों (फरीदकोट) से यहां पहुंचे इस संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष खलीफा कुलवंत चिश्ती ने बताया कि फर्जी गद्दीनशीन ‘बाबाओं’ द्वारा फैलाए जा रहे तंत्रमंत्र के जाल में भोले भाले लोग फंसते जा रहे हैं, इसलिए अब ऐसे लोगों से खुद उनकी संस्था पर्दा उठाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था से जुड़े गद्दीनशीन धार्मिक विद्वानों की ओर से सिर्फ मानवता और आपसी सद्भावना का पैग़ाम दिया जा रहा है। चिश्ती ने बताया कि उनकी संस्था ने फैसला किया है कि अब शीघ्र ही रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे। इस दौरान बाबा कुलविंदर चिश्ती भी मौजूद रहे।