संगरूर के डीसी दफ्तर के सामने रोष धरना देते हुए जमीन प्राप्ति संघर्ष कमेटी के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
अपनी मांगों को लेकर जमीन प्राप्ति संघर्ष कमेटी की तरफ से डीसी दफ्तर के सामने रोष धरना लगाकर जमकर नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए संघर्ष कमेटी के जिला नेता मलूक घराचों, परमजीत कौर ने कहा कि जिले के गांव बीबड़ी में पंचायत की तरफ से मनरेगा के करवाए जा रहे कार्य को हलका विधायक के इशारे पर कुछ लोगों द्वारा जबरदस्ती बंद करवाया जा रहा है और पंचायती जमीन पर बुआई करने के अलावा पुलिस द्वारा मनरेगा मजदूरों एवं पंचायत सदस्यों को धमकाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां पूरी तरह मजदूर विरोधी हैं। एक तरफ जहां सरकार मनरेगा की दिहाड़ी बढ़ाने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ सरकार के नेता चल रहे कार्यों को रुकवाने की कोशिशें कर रहे हैं। इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि मनरेगा का बंद किया कार्य तुरंत चलाया जाए, जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाए। मजदूरों तथा पंचायत सदस्यों को धमकाने वाले पुलिस अधिकारियों खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। इस मौके पर संघर्ष कमेटी के नेता कृष्ण भड़ो, हरविंदर सिंह, राजविंदर सिंह, सरबजीत सिंह, लछमन सिंह, गुरजीत सिंह, कर्मजीत कौर मौजूद थे।