अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला के डीएसपी सिटी वन सतनाम सिंह के इकलौते बेटे की शनिवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई है, जबकि दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह हादसा बठिंडा-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर संगरूर जिले के भवानीगढ़ में गांव फग्गूवाला कैंचियां के नजदीक हुआ। मृतक की पहचान एकमवीर सिंह के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक दोनों दोस्त कार में सवार होकर संगरूर की तरफ जा रहे थे। गांव फग्गूवाला कैंचियां के नजदीक उनकी हुंडई कार का टायर फट गया। संतुलन खो देने के बाद कार फ्लाईओवर पर सड़क के बीचों-बीच पलट गई।
जानकारी के मुताबिक कार को हरजोत सिंह (23) पुत्र राजिंदर पाल सिंह चला रहा था, जबकि डीएसपी का बेटा एकमवीर सिंह (22) ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठा था। इसी दौरान अचानक उनकी कार का टायर फट गया। संतुलन खो देने के बाद कार फ्लाईओवर पर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। सड़क सुरक्षा फोर्स के एएसआई जसविंदर सिंह के मुताबिक सूचना पर पहुंची फोर्स की टीम ने लोगों की मदद से कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से उन दोनों को भवानीगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाॅक्टरों ने एकमवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरजोत सिंह को गंभीर हालत के चलते पटियाला रेफर किया गया है। घायल हरजोत सिंह के पिता पंजाब पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं। वे वर्तमान में मोहाली जिले में तैनात हैं।