जिले में लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या पर काबू पाने के लिए बड़े स्तर पर कुत्तों की नसबंदी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ये बात डीसी ने पशु पालन, नगर निगम और नगर काउंसिल के अधिकारियों से बैठक के दौरान कही।
डीसी ने कहा कि लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है।
इस पर रोक लगाने के लिए कदम उठाने जरूरी हैं। इनकी वजह से सड़क हादसे तो हो ही रहे हैं डॉग बाइट के कारण कई लोगाें की जान भी जा चुकी है। डीसी ने नगर निगम और नगर काउंसिलों के अधिकारियों को आदेश दिए कि पशु पालन विभाग के साथ तालमेल करके सप्ताह में दो दिन मंगलवार और वीरवार को स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी की जाए। यह मुहिम अगले मंगलवार से पटियाला में शुरू की जाएगी।
डीसी ने नगर निगम पटियाला के अलावा नाभा, घन्नौर, सन्नौर, राजपुरा, भादसों, घग्गा और पातड़ां की नगर काउंसिलों के अधिकारियों को हिदायत दी कि कुत्तों को पकड़ने से लेकर नसबंदी करने और बाद में उनकी संभाल करने के लिए पशु पालन विभाग को 700 रुपये प्रति डॉग के हिसाब से खर्च मुहैया कराया जाए। हर काउंसिल में इन्हें पकड़ने के लिए पांच-पांच पिंजरे भी तैयार कराए जाएं।