खो-खो मुकाबले में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी और हिमाचल यूनिवर्सिटी की खिलाड़ी जीत को लेकर जूझती हुईं।
- फोटो : अमर उजाला
देशभगत यूनिवर्सिटी में आयोजित नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट पंजाबी यूनिवर्सिटी की टीम ने जीत लिया। टूर्नामेंट के फाइनल में पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला की टीम ने पंजाब यूनिवर्सिटी की टीम को शिकस्त दी। इस टूर्नामेंट में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की टीम तीसरे और हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी, शिमला की टीम चौथे स्थान पर रही।
देशभगत यूनीवर्सिटी में पिछले चार दिन से जारी नॉर्थ जोन इंटरवर्सिटी खो-खो टूर्नामेंट में विभिन्न यूनिवर्सिटी की 20 टीमों ने हिस्सा लिया। यूनिवर्सिटी के चांसलर डा. जोरा सिंह ने टूर्नामेंट के अंतिम दिन फाइनल मुकाबले का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि खो-खो भारत की पुरातन खेल में एक है जो देश के विभिन्न भागों में उत्साहपूर्वक खेला जाता है। इसे बढ़ावा देने के लिए फुटबाल और कबड्डी लीग जैसी खो-खो लीग बनाई जानी चाहिए।
टूर्नामेंट के पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रो-चांसलर तेजिंदर कौर ने खिलाड़िय़ों द्वारा दिखाए गए शानदार खेल प्रदर्शन की सराहना की। इस मौके पर परमजीत कौर (रानी झांसी अवार्ड विजेता) और डा. डीएस कालरा (डायरेक्टर स्पोर्ट्स कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी) विशेष मेहमान के तौर पर मौजूद थे। इस मौके पर टूर्नामेंट के लिए एआईयू की आधिकारिक कमेटी के सदस्यों, विभिन्न टीमों के कोच और अधिकारियों को सम्मानित किया गया। यह टूर्नामेंट कोच और स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर नंदन सिंह की देख-रेख में आयोजित किया गया।