पटियाला। सांसद परनीत कौर ने कहा कि केंद्र सरकार का अड़ियल रवैया ही किसानों की मौत का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि लेकिन किसानों की शहादतें व्यर्थ नहीं जाएंगी और केंद्र को हर हाल में खेती विरोधी कानून वापस लेने पड़ेंगे। वह शुक्रवार को भादसों नजदीकी गांव खेड़ी जट्टां के रहने वाले किसान नवजोत सिंह (18) की मौत पर उनके घर शोक व्यक्त करने पहुंची थीं।
नौजवान किसान नवजोत सिंहकी पिछले दिनों सिंघु बार्डर पर किसानी आंदोलन दौरान दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। नवजोत अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। परनीत ने परिवार को पांच लाख की आर्थिक मदद करने के अलावा गांव में नौजवान किसान की याद में सड़क बनाने का भी एलान किया। सांसद ने कहा कि केंद्र ने पहले जीएसटी और नोटबंदी से देशवासियों का जीना मुहाल किया। इसके बाद कोरोना महामारी और अब खेती कानूनों ने किसानों को सड़कों पर बैठने को मजबूर कर दिया है।
परनीत कौर ने कहा कि केंद्र को किसानों की आय दोगुनी तो क्या करनी थी, बल्कि देश के लोगों को महंगाई से मारना शुरू कर दिया है। परनीत ने इस मौके परिवार साथ दुख जताते कहा कि जवान बेटे की मौत अभिभावकों के लिए पहाड़ टूटने की तरह है। विश्वास दिलाया कि परिवार की इस दुख की घड़ी में पंजाब सरकार उनके साथ खड़ी है। कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने कहा कि राज्य के लोगों ने निकाय चुनाव में कांग्रेस को 65 फीसदी मत देकर विरोधी पार्टियों को आइना दिखाया है।