संगरूर में डीसी दफ्तर पर बेमियादी धरना-प्रदर्शन पर बैठे जत्थेबंदी के वर्कर।
- फोटो : अमर उजाला
अपनी मांगों को लेकर डीसी दफ्तर के सामने मजदूरों तथा किसानों की तरफ से शुरू किया अनिश्चितकाल धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान जलूर एक्शन कमेटी की तरफ से एलान किया गया कि मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान माता गुरदेव कौर को श्रद्धांजलि भी भेंट की गई।
जमीन प्राप्ति संघर्ष कमेटी के जिलाध्यक्ष मुकेश मलौद, भाकियू एकता उग्राहां के प्रदेशाध्यक्ष जोगिंदर सिंह उग्राहां और भाकियू एकता डकौदा के राम सिंह भैणीबाघा ने कहा कि माता गुरदेव कौर की मौत के मामले में पुलिस ने 307 से 302 का पर्चा दर्ज कर लिया है जो उनके संघर्ष की जीत है। किंतु माता गुरदेव कौर की मौत के लिए जिम्मेवार व्यक्ति अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं जबकि दूसरी तरफ अत्याचार का शिकार हुए दलित जेलों में बंद हैं।
उन्होंने मांग की कि दलितों पर हमला करने वालों को गिरफ्तार किया जाए, जेलों में बंद दलितों को रिहा किया जाए, दलितों को उनके हिस्से की पंचायती जमीन दी जाए इत्यादि मांगों को पूरा किया जाए अन्यथा संघर्ष को और तेज कर दिया जाएगा। इस मौके पर पंजाब खेत मजदूर यूनियन के जोरा नसराली, किरती किसान यूनियन के दातार सिंह, क्रांतिकारी पेंडू मजदूर यूनियन के संजीव मिंटू, बलविंदर सिंह, बहाल सिंह, गुरमुख सिंह मौजूद थे।