विकास कालोनी में लाश वाला सूटकेस फेंक कर फरार होने वाले मोटरसाइकिल सवार पुरुष व महिला तक पहुंचने में पुलिस जुट गई है। इसके लिए पुलिस पेट्रोल पंपों, एटीएम और दुकानों व अन्य व्यापारिक संस्थानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मामले के जांच अधिकारी लाहौरी गेट थाना के एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि विकास कालोनी में रविवार सुबह सूटकेस में 30 साल के युवक की लाश मिली थी, उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
कालोनी के चौकीदार के बताए मुताबिक सूटकेस को पार्क के नजदीक मोटरसाइकिल सवार एक पुरुष व एक महिला फेंक कर गए थे। दोनो ने सूटकेस को बीच में रखा था। दोनों ने अपने मुंह को रुमाल से ढक रखा था।
पुलिस अब इन मोटरसाइकिल सवारों तक पहुंच कर मामले को हल करने की कोशिश में जुट गई है। एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि विकास कालोनी के पास पड़ते इलाकों में विभिन्न पेट्रोल पंपों, एटीएम और दुकानों व अन्य व्यापारिक संस्थानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।