पंजाब पुलिस के एक हवालदार समेत दो लोगों के खिलाफ फौज में भरती कराने का झांसा देकर लाखों की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। त्रिपड़ी थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पीडितों के बयान पर जांच के बाद हवालदार और दूसरे आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में आरोपी फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।
अनाज मंडी थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर हरविंदर सिंह ने बताया कि पंजाब पुलिस में हवालदार गुरनाम सिंह (45) निवासी दशमेश नगर इन दिनों पटियाला में पीसीआर पर तैनात था, उसने गांव कादियां जिला गुरदासपुर के रहने वाले डेनियल मसीह के साथ मिलकर लोगों को फौज में भरती कराने का झांसा देकर लाखों रुपये ले लिए। इसके बाद उनको फौज में नौकरी दिलाई गई और न मांगने पर पैसे वापस दिए गए।
इन पर आरोप यह है कि हवालदार गुरनाम सिंह ने मेहर सिंह कालोनी के रहने वाले गुरविंदर सिंह से उसके भाई को फौज में नौकरी दिलाने के लिए एक लाख 54 हजार रुपये ले लिए। पटियाला के गांव कल्याण के रहने वाले गुरजंट सिंह से फौज में भरती कराने का झांसा देकर चार लाख 3500 रुपये ले लिए गए। इसी तरह समाना के महिंदर सिंह से फौज में भरती कराने के नाम पर 2 लाख 53 हजार 500 रुपये लिए गए। पुलिस के अनुसार हवालदार गुरनाम सिंह द्वारा 12 लाख से ज्यादा की धोखाधड़ी करने के मामले का खुलासा हुआ है।