सरकारी स्कूल में चौथी क्लास के 11 साल के छात्र के साथ उसी के मोहल्ले के रहने वाले दो नौजवानों की ओर से कुकर्म करने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की ओर से छापामारी की जा रही है।
पटियाला में एक महिला का आरोप है कि मोहल्ले के दो नौजवान उसके 11 साल के लड़के को डरा-धमका कर उसके साथ कुकर्म करते रहे हैं। यह सिलसिला पिछले दो महीने से चल रहा था।
लड़के ने डर के मारे अपने परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी। जब बच्चे की हालत बिगड़ी, तो उसे राजिंदरा अस्पताल लाया गया, जहां बच्चे ने अपने साथ हुई ज्यादती के बारे में बताया।
मामले की जांच कर रहे थाना त्रिपड़ी के एएसआई जतिंदर कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
दोनों को गिरफ्तार करने के लिए उनके घरों में छापामारी की गई है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं।