रोपड़ में सुरक्षा कर्मियों के साथ कोर्ट में पेश होने के लिए जाते शिवसेना नेता।
- फोटो : अमर उजाला
ऑल इंडिया हिंदू स्टूडेंट फेडरेशन के उत्तर भारत के अध्यक्ष व शिव सेना नेता निशांत शर्मा रोपड़ की जिला अदालत में पेश हुए। निशांत शर्मा के खिलाफ कुराली थाने में धारा 406 और 420 के आठ मामले दर्ज हैं। इन मामलों के तहत ही निशांत शर्मा सीजेएम अदालत में पेश हुए। यह मामला अब चार्ज फ्रेस होने की कगार पर है। निशांत शर्मा को पहले से ही पंजाब सरकार की ओर से सुरक्षा कर्मी दिए गए हैं। पेशी के दौरान भी पुलिस निशांत शर्मा को सुरक्षा प्रदान के लिए पहुंच गई। निशांत शर्मा की सुरक्षा में डीएसपी मनवीर सिंह बाजवा समेत सिटी थाना के एसएचओ पवन कुमार और थाना सदर के एसएचओ सन्नी खन्ना के अलावा पंजाब पुलिस के सुरक्षा कर्मी तैनात रहे। निशांत शर्मा सरकारी पायलट जिप्सी के साथ इंडेवर गाड़ी में अदालत परिसर पहुंचे। गौरतलब है कि निशांत शर्मा ने पंजाब में ललकार रैली निकालने का एलान किया था। कई सिख जत्थेबंदियों की ओर से इस ललकार रैली का विरोध किया जा रहा था। निशांत शर्मा बब्बर खालसा के आतंकी जगतार सिंह हवारा पर चंडीगढ़ में पेशी दौरान हमला करने की कोशिश करने के कारण चर्चा में रहे हैं।