पोल्ट्री फार्म बंद करवाने की मांग को लेकर एक सप्ताह से धरना दे रहे गांव बठोणिया के लोगों की झड़प हो जाने के बाद पुलिस ने 24 से ज्यादा लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इनमें से छह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। दूसरी ओर पोल्ट्री फार्म पर धरना दे रहे लोगों की ओर से फीड रोक देने के बाद 600 मुर्गियों की मौत हो चुकी है।
शंभू पुलिस के एसएचओ वरिंदर सिंह ने पुलिस स्टेशन में लिखवाई शिकायत में बताया कि एसएचओ बनूड़, एसएचओ खेड़ी गंडिया, एसएचओ सदर राजपुरा, सदर पटियाला के थानेदार केवल कृष्ण अपनी फोर्स के साथ एसडीएम. राजपुरा, डीएसपी घनौर की अगुवाई में गांव बठोणियों में धरने संबंधी ड्यूटी पर मौजूद थे। अचानक भीड़ वहां हिंसक हो गई और पुलिस को जान से मारने की नीयत र्से इंटों व पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में 15 पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। धरनाकारियों ने पुलिस व अन्य प्राइवेट वाहनों में तोड़फोड़ की और महिला कांस्टेबल रक्षा रानी का अपहरण कर लिया।
इसके अलावा पोल्ट्री फार्म जाने वाले रास्ते धरना कारियों की ओर से बंद कर दिए जाने के कारण पोल्ट्री फार्म में फीड न पहुंचने से 600 मुर्गियों की मौत हो गई। पुलिस ने एसएचओ की शिकायत पर हरिंदर सिंह खैरपुर, रघुवीर सिंह मंडोली, मोहन लाल, तिलक राज, बृज लाल निवासी बठौणियां खुर्द, रजेश कुमार, सुलोचना, भिंदर, फकीर चंद निवासी बठौणियां कलां, विपिन शर्मा, गुरजिंदर सिंह, कुलविन्द्र सिंह, अशोक कुमार, रमन, बिट्टू निवासी बठौणियां खुद समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। बाद में छह आरोपियों हरिंदर सिंह लाखा खैरपुर, रघुबीर सिंह मंडौली, सोहन लाल, बृजलाल, तिलक राज, राजपाल निवासी बठोणियां को हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया।