नजदीकी गांव खिलरियां में शामलात जमीन को लेकर हुए झगड़े में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना सदर के प्रभारी जतिंदरपाल सिंह ने बताया कि गांव खिलरियां के रहने वाले साठ वर्षीय जोगिंदर सिंह का गांव के ही हरविंदर सिंह तथा हरजिंदर सिंह के साथ शामलात जमीन को लेकर पिछले समय से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह जब जोगिंदर सिंह उक्त जमीन पर अपना कुछ सामान रखने गया तो दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े दौरान जोगिंदर सिंह गंभीर घायल हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल लेजाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में हरविंदर सिंह और हरजिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। स्थानीय सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के पश्चात वारिसों को सौंप दिया गया।